पटना में पुलिस महकमे में हड़कंप! SSP ने फुलवारीशरीफ के 8 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, स्मैक आरोपियों से वसूली का आरोप

राजधानी पटना में पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। फुलवारीशरीफ थाने से जुड़े 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पटना में पुलिस महकमे में हड़कंप! SSP ने फुलवारीशरीफ के 8 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, स्मैक आरोपियों से वसूली का आरोप
Image Slider
Image Slider
Image Slider

Patna News: राजधानी पटना में पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है। फुलवारीशरीफ थाने से जुड़े 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन सभी पर स्मैक के साथ पकड़े गए दो आरोपियों को मोटी रकम लेकर छोड़ने का गंभीर आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने स्मैक के साथ पकड़े गए दोनों लोगों को वरीय अधिकारियों को सूचना दिए बिना ही पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया था। आरोप है कि इस पूरे मामले में पैसों का लेन-देन हुआ था। इसी रकम के बंटवारे को लेकर पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद मामला सामने आया।

बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा तक पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आठों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक नारद मुनि सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार शामिल हैं। इनके अलावा परिचारी पुलिस अवर निरीक्षक आकाश कुमार, पीटीसी 1118 जवान साबिर आलम तथा सिपाही  8949 आनंद राज और सिपाही 9035 शुभम कुमार पर भी कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी कार्यालय की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के ही कुछ सदस्यों पर आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ने का आरोप लगा है।

पटना से अजय कुमार की रिपोर्ट