Bihar Weather Update: बिहार में 21-22 नवंबर को भारी बारिश..! Cyclone Akvan का अलर्ट
बिहार में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
BIHAR: बिहार में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। हालांकि, तूफान का सीधा असर मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में पड़ने की संभावना है, लेकिन बिहार में भी 21 और 22 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 18 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
बिहार में कब होगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। फिलहाल राज्य के लिए भारी बारिश या चक्रवाती हवाओं का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
अकवान तूफान के प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी 19 से 21 नवंबर के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी कुछ समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है। बिहार में बारिश की स्थिति और स्थानीय मौसम संबंधी अपडेट के लिए IMD की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखें।
pranavpr