बिहार रेजिमेंट केंद्र में मनाया गया 20वीं बिहार बटालियन का स्थापना दिवस

बिहार रेजिमेंट केंद्र के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है। 21 नवंबर 2011 को इसी दिन 20 वीं बिहार बटालियन की स्थापना नामकुम छावनी, रांची (झारखंड) में की गई थी।

बिहार रेजिमेंट केंद्र में मनाया गया 20वीं बिहार बटालियन का स्थापना दिवस
Image Slider
Image Slider
Image Slider

DANAPUR: बिहार रेजिमेंट केंद्र के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है। 21 नवंबर 2011 को इसी दिन 20 वीं बिहार बटालियन की स्थापना नामकुम छावनी, रांची (झारखंड) में की गई थी। कर्नल (वर्तमान में ब्रिगेडियर) राकेश कुमार बोरा एवं सूबेदार मेजर राजेश कुमार के कुशल नेतृत्व में गठित इस बटालियन ने अपने गौरवशाली सफर की शुरुआत की थी।

इस ऐतिहासिक अवसर पर तत्कालीन राष्ट्रपति के सैन्य सचिव एवं तत्कालीन कर्नल ऑफ द बिहार रेजीमेंट, लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. बख्शी, सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल (सेवानिवृत्त) ने बटालियन को रेजिमेंटल ध्वज प्रदान किया। इसके अतिरिक्त, 19 नवंबर 2016 को बटालियन ने तत्कालीन थल सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, एडीसी से प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स कलर्स प्राप्त कर अपनी उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा।

स्थापना के पश्चात 20 वीं बिहार बटालियन ने वर्ष 2011 से 2014 तक लगभग तीन वर्षों तक रांची में तैनात रहते हुए सभी सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन किया। इसके बाद वर्ष 2017 से 2020 तक बटालियन 66 इन्फैंट्री ब्रिगेड के अंतर्गत बिनागुड़ी में तैनात रही। इस दौरान बटालियन ने पूर्वी कमान प्री-स्टाफ कॉलेज की अतिरिक्त जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया तथा भारत-बांग्लादेश सैन्य अभ्यास में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वर्ष 2020 में बिनागुड़ी से मणिपुर स्थानांतरित होने के बाद बटालियन ने कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में स्थानीय नागरिकों की सहायता कर मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसके लिए उच्च सैन्य मुख्यालय द्वारा बटालियन की सराहना की गई। अपनी स्थापना से लेकर अब तक बटालियन के वीर बिहारी सैनिकों ने अदम्य साहस, शौर्य, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके असाधारण पराक्रम और वीरता के लिए बटालियन के अनेक सैनिकों को विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

इस गौरवशाली अवसर पर बिहार रेजिमेंट केंद्र स्थित वीर स्मृति स्थल पर बटालियन के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर ब्रिगेडियर राकेश कुमार बोरा, समादेष्टा, बिहार रेजिमेंट केंद्र, कर्नल विजय कुमार, उपसमादेष्टा, बिहार रेजिमेंट केंद्र, लेफ्टीनेंट कर्नल अमित गुंजन, मेजर नवदीप सिंह सहित अनेक जेसीओ एवं सैनिक उपस्थित रहे और वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम ने बटालियन के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को स्मरण करने के साथ-साथ सभी रैंक के सैनिकों में रेजिमेंटल गौरव एवं एकता की भावना को और मजबूत किया।

दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट