बिहार में भीषण सड़क हादसा: लखीसराय में ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर, मां-बेटी समेत 5 की मौत; 4 घायल

बिहार में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखीसराय जिले में मंगलवार तड़के ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिहार में भीषण सड़क हादसा: लखीसराय में ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर, मां-बेटी समेत 5 की मौत; 4 घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

LAKHISARAI: बिहार में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखीसराय जिले में मंगलवार तड़के ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा लखीसराय जिले के तेतरघाट थाना क्षेत्र के गुनसागर के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग पूर्वी चंपारण जिले के ढाका से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक से स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।

मां, बेटी और बहनोई समेत पांच की मौत

हादसे में ढाका निवासी शेखर गुप्ता की मां मीना देवी (50), बहन पल्लवी देवी (28), बहनोई राकेश गुप्ता (30), रिश्तेदार बादल कुमार (10) और स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई। वहीं, शेखर गुप्ता, उनकी बहन स्वीटी गुप्ता उर्फ गोल्डी और दो वर्षीय भांजा उज्ज्वल समेत चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।

बताया गया है कि शेखर गुप्ता अपने भांजे की मनौती का भोग चढ़ाने के लिए सोमवार रात करीब 11 बजे परिवार के साथ देवघर के लिए निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही ढाका स्थित परिजनों के बीच मातम पसर गया।

एक दिन पहले बाढ़ में भी गई थी चार लोगों की जान

गौरतलब है कि इससे पहले 22 नवंबर को पटना जिले के बाढ़ में भी स्कॉर्पियो और हाइवा की भीषण टक्कर हुई थी। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के पास हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।