छठ महापर्व को लेकर पटना में पूरी हुईं तैयारियां, 90 गंगा घाटों और 5 अस्थायी तालाबों पर देंगे अर्घ्य

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। दानापुर से दीदारगंज तक कुल 90 गंगा घाटों और 5 अस्थायी तालाबों पर छठ व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे

छठ महापर्व को लेकर पटना में पूरी हुईं तैयारियां, 90 गंगा घाटों और 5 अस्थायी तालाबों पर देंगे अर्घ्य
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। दानापुर से दीदारगंज तक कुल 90 गंगा घाटों और 5 अस्थायी तालाबों पर छठ व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान दीघा घाट और कलेक्ट्रेट घाट पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

दीघा घाट पर इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। गंगा का करीब तीन किलोमीटर लंबा एक ही पाट होने के कारण यहां बड़ी संख्या में व्रतियों के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट तक पहुंचने के कई रास्ते बनाए गए हैं। संत माइकल स्कूल से दीघा नहर रोड के बीच विभिन्न मार्गों से घाट तक पहुंचा जा सकेगा।

अशोक राजपथ से गेट नंबर 83, 88, 92 और 93 के अलावा दीघा बाजार में अटल पथ फ्लाईओवर के नीचे, पोस्ट ऑफिस रोड और नहर से जुड़ी मोहल्लों की सड़कों को भी आवागमन के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, अटल पथ, जेपी गंगा पथ और पाटलिपथ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग बनाई गई है। अकेले दीघा घाट के पास करीब 7 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

दूसरी ओर, कलेक्ट्रेट घाट पहुंचने के लिए तीन अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं। अशोक राजपथ से जेपी गंगा पथ होकर आने वाले बड़े वाहनों को नदी से करीब 500 मीटर पहले बनी पार्किंग में खड़ा करना होगा। रिवर फ्रंट से आने वाले श्रद्धालुओं को कलेक्ट्रेट और महेंदू घाट तक करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा। गांधी मैदान में भी वाहनों की पार्किंग की सुविधा दी गई है।

कलेक्ट्रेट घाट के पास करीब 2500 वाहनों की पार्किंग क्षमता रखी गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।

पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट