बिहार में आज जदयू मनाएगी सुशासन दिवस, नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाएगी पार्टी
बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) मंगलवार, 24 नवंबर को सुशासन दिवस मना रही है। इस अवसर पर पार्टी की ओर से प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा..
PATNA: बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) मंगलवार, 24 नवंबर को सुशासन दिवस मना रही है। इस अवसर पर पार्टी की ओर से प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, सामाजिक बदलाव और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
सुशासन दिवस को लेकर जदयू ने सोमवार को ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसकी पूर्व संध्या पर पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 1001 दीप जलाकर सुशासन, विकास और नई उम्मीदों का संदेश दिया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से प्रदेश कार्यालय को सजाया गया था।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में भी कम से कम 11-11 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया। जदयू ने इस आयोजन को बिहार में सुशासन और विकास के दो दशक पूरे होने की स्मृति से जोड़ा है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने बिहार की बागडोर संभाली थी। उनके अनुसार, इस दिन राज्य में जंगलराज से सुशासन और अंधकार से प्रकाश की ओर बदलाव की शुरुआत हुई। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल 24 नवंबर को सुशासन दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है।
कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक एवं भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता संभालने के बाद बिहार में कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वहीं, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 24 नवंबर 2005 को बिहार के राजनीतिक इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताया।
सैंड आर्ट बना आकर्षण का केंद्र
दीपोत्सव के दौरान प्रदेश कार्यालय परिसर में नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और उनके विकास संकल्प को दर्शाती भव्य सैंड आर्ट भी बनाई गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने 'नीतीश-निशांत जिंदाबाद' के नारे लगाए। इस मौके पर वशिष्ठ नारायण सिंह, चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, संजय गांधी, अफाक अहमद, राजीव रंजन प्रसाद, नीरज कुमार और जयंत राज समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
pranavpr