उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, CJI सूर्यकांत की बेंच के सामने होगी दलीलें
फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में करीब छह साल से जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर बुधवार, 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
NEW DELHI: फरवरी 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में करीब छह साल से जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर बुधवार, 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इस बार भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अगुवाई वाली तीन सदस्यीय पीठ दोनों की दलीलें सुनेगी। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन भी शामिल हैं।
दोनों आरोपियों ने दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इससे पहले 5 जनवरी 2026 को जस्टिस अरविंद कुमार की अगुवाई वाली पीठ ने दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था।
जमानत के लिए क्या दी गई दलील?
उमर खालिद और शरजील इमाम ने अपनी याचिकाओं में लंबे समय से जेल में रहने और मुकदमे की धीमी प्रक्रिया का हवाला दिया है। उनका कहना है कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी नहीं कर पाया है। ऐसे में लगातार हिरासत में रखना उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।
शरजील इमाम की याचिका में कहा गया है कि 25 सितंबर 2020 को दाखिल आरोपपत्र में 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों का उल्लेख किया है। इमाम ने दावा किया है कि छह साल से अधिक समय बीतने के बावजूद अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह से जिरह नहीं कर पाया है।
पहले भी खारिज हो चुकी है जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी 2026 को जमानत खारिज करते हुए दोनों को संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश की तारीख से एक साल बीतने, इनमें से जो पहले हो, उसके बाद दोबारा जमानत मांगने की अनुमति दी थी।
2020 के दिल्ली दंगों से जुड़ा है मामला
फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस मामले में कथित बड़ी साजिश के आरोप में यूएपीए के तहत उमर खालिद और शरजील इमाम को गिरफ्तार किया गया था। अब दोनों की नजरें सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।
pranavpr