Cyclone Akwan: चक्रवाती तूफान 'अकवान' से बिहार-झारखंड में इतने दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, 13 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर बिहार और झारखंड के मौसम पर दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से दोनों राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहने की संभावना है। पटना समेत बिहार के कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं।
PATNA: चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर बिहार और झारखंड के मौसम पर दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से दोनों राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहने की संभावना है। पटना समेत बिहार के कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं, तापमान में गिरावट के कारण ठंड भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
बिहार के 13 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से बिहार के 13 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, गया, शेखपुरा, लखीसराय, औरंगाबाद, जमुई, नवादा, बांका, भागलपुर और मुंगेर शामिल हैं।
इसके अलावा 21 और 22 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
झारखंड के 11 जिलों में येलो अलर्ट
झारखंड में भी चक्रवात का प्रभाव देखने को मिल सकता है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
किसानों की फसल को लेकर बढ़ी चिंता
चक्रवात को देखते हुए झारखंड के आपदा मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए।
वहीं, किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। मंत्री के मुताबिक, राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में लगातार बारिश होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
pranavpr