अखिलेश यादव खेल महोत्सव: फुटबॉल फाइनल में राजगीर ने गिरियक को 1-0 से हराया, महिला-पुरुष दंगल बना आकर्षण
अखिलेश यादव खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव 2026 के पांचवें दिन बुधवार को अखिलेश यादव खेल मैदान पथरा केना में फाइनल फुटबॉल मैच का रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें राजगीर की टीम ने गिरियक की टीम को 1-0 से शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
NAWADA: अखिलेश यादव खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव 2026 के पांचवें दिन बुधवार को अखिलेश यादव खेल मैदान पथरा केना में फाइनल फुटबॉल मैच का रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें राजगीर की टीम ने गिरियक की टीम को 1-0 से शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। गिरियक की टीम उपविजेता रही। अखिलेश यादव खेल मैदान पर यह मैच खेल महोत्सव का आखिरी खेल था।
वहीं इसी महोत्सव के तहत बाबा मांगोदास दंगल अखाड़ा, खुटका सराय छठ घाट में दंगल प्रतियोगिता का अभ्यास मैच प्रारंभ किया गया।
दंगल अखाड़े का उद्घाटन आयोजक पूर्व राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने फीता काटकर किया और सभी पहलवानों का बाबा मांगोदास दंगल अखाड़े में स्वागत किया। उन्होंने घोषणा की कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर इस अखाड़े में फाइनल दंगल 9 नवंबर को होगा। आखिरी कुछ राउंड में हारने वाले पहलवानों को गोवर्धन मंदिर समिति की ओर से 10 नवंबर को आयोजित विशाल दंगल प्रतियोगिता में फिर से मौका दिया जाएगा।
आज के दंगल की मुख्य विशेषता रही कि नवादा के इतिहास में पहली बार सीनियर महिला पहलवान और सीनियर पुरुष पहलवान के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। बेगूसराय की काजल कुमारी की भिड़ंत इशापुर के शंकर कुमार से हुई, जिसमें देर तक दोनों में गुत्थमगुत्थी होती रही और आखिर में दंगल बेनतीजा रहा। दूसरे दंगल में इशापुर के ही राजबल्लभ यादव ने देर तक संघर्ष करते हुए काजल कुमारी को चित कर दिया। दूसरी ओर बेगूसराय की ही जूनियर महिला पहलवान मीनाक्षी कुमारी का दंगल भी हुआ।
फुटबॉल मैच के रेफरी रामबिलास प्रसाद एवं शिवकुमार रहे, जबकि सहायक रेफरी की भूमिका में वीरेंद्र कुमार, सूरज कुमार आदि लाइन संभालते दिखे। राजबल्लभ प्रसाद की ओर से शंभू विश्वकर्मा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल जगत में बड़ा मुकाम हासिल करने की कामना की। सुरेंद्र उपाध्याय, रविंद्र यादव एवं अनिल प्रसाद सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और मेडल के साथ नगद राशि का इनाम प्रदान किया।
दूसरी ओर आज महिला-महिला, महिला-पुरुष और पुरुष-पुरुष के बीच दर्जनों दंगल हुए, जिसमें विजेताओं को क्वार्टर फाइनल के लिए चिन्हित किया गया। दंगल 6 एवं 9 नवंबर को बाबा मांगोदास अखाड़े में होगा, जबकि 10 नवंबर को गोवर्धन मंदिर नवादा की ओर से हरिश्चंद्र स्टेडियम में विशाल दंगल का फाइनल आयोजन होगा।
नवादा से सुनील कुमार की रिपोर्ट
pranavpr