सासामुसा चीनी मिल की कटाई पर भड़का गुस्सा! बकाये भुगतान को लेकर किसानों-मजदूरों का बड़ा प्रदर्शन

गोपालगंज की सासामुसा चीनी मिल परिसर में कटाई रोकने और बकाये भुगतान की मांग को लेकर किसानों व मजदूरों ने किया प्रदर्शन। हाईकोर्ट में मामला लंबित होने के बीच सीओ ने दिया आश्वासन। पढ़ें पूरी खबर।

सासामुसा चीनी मिल की कटाई पर भड़का गुस्सा! बकाये भुगतान को लेकर किसानों-मजदूरों का बड़ा प्रदर्शन
"चोरी-छिपे कराई जा रही कटाई..." सासामुसा चीनी मिल विवाद पर बोले किसान नेता योगेंद्र शर्मा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गोपालगंज जिले की ऐतिहासिक सासामुसा चीनी मिल से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को लेकर शुक्रवार को किसानों, मजदूरों और किसान संगठनों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने मिल परिसर में पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और वहां चल रही कटाई की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक किसानों के बकाया गन्ना भुगतान, मिल के भविष्य तथा नीलामी के बाद की स्थिति पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं हो जाता, तब तक किसी भी तरह की कटाई या परिसंपत्तियों को हटाने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

धरने पर बैठे किसानों का कहना था कि वर्षों से बंद पड़ी इस मिल के कारण क्षेत्र के हजारों गन्ना उत्पादक किसान और मजदूर गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। मिल बंद रहने से स्थानीय खेती, रोजगार और अर्थव्यवस्था पर भारी असर पड़ा है। ऐसे में बिना समस्याओं का समाधान किए मिल परिसर में हो रही कटाई से किसानों में गहरी आशंका व्याप्त है।

"हाईकोर्ट में लंबित है मामला, कोर्ट के आदेश से पहले न हो कटाई"

धरने में शामिल किसान नेता योगेंद्र शर्मा ने कहा कि सासामुसा चीनी मिल का मामला वर्तमान में हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के हर आदेश का वे सम्मान करेंगे, लेकिन फैसला आने से पहले चीनी मिल की कटाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से यह कटाई कराई जा रही है, उससे प्रतीत होता है कि यह कार्य चोरी-छिपे अथवा किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संरक्षण में हो रहा है।

धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने किसानों और मजदूर नेताओं से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा उनकी मांगों से जुड़ा ज्ञापन प्राप्त किया।

मौके पर मौजूद कुचायकोट के अंचल अधिकारी मनोरंजन कुमार ने बताया: "किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। चूंकि पूरा मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए किसानों की सभी मांगों और आपत्तियों से जिला पदाधिकारी गोपालगंज को अवगत करा दिया गया है। वरीय अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।"

इस प्रदर्शन में रीना शर्मा, योगेंद्र शर्मा, डॉ. राजा हुसैन, सत्येंद्र बैठा, कृष्ण प्रसाद, रॉकी सिंह, सासामुसा के सरपंच मनोज दुबे, वीरेंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा और पिंटू सिंह सहित भारी संख्या में किसान, मजदूर व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।