बिहार में छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 377 घाटों पर NDRF-SDRF तैनात; 12,806 जगह गोताखोर संभालेंगे मोर्चा

बिहार में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य के संवेदनशील 377 छठ घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। व

बिहार में छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 377 घाटों पर NDRF-SDRF तैनात; 12,806 जगह गोताखोर संभालेंगे मोर्चा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य के संवेदनशील 377 छठ घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तैनात की गई हैं। वहीं, 12,806 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था की है।

377 घाटों पर NDRF और SDRF की तैनाती

आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, राज्य के 254 छठ घाटों पर SDRF और 123 घाटों पर NDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इन टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

छठ के दौरान नदियों और तालाबों में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की भी तैनाती की गई है। विभाग ने श्रद्धालुओं से घाटों पर सतर्कता बरतने की अपील की है।

आपात स्थिति में श्रद्धालु राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 1070 नंबर पर भी सहायता उपलब्ध होगी।

पटना में 103 गंगा घाटों की तैयारी

राजधानी पटना में भी छठ को लेकर विशेष तैयारी की गई है। दानापुर से पटना सिटी तक कुल 103 गंगा घाटों को तैयार किया गया है। इसके अलावा 62 स्थायी और अस्थायी तालाबों को भी छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है।

हालांकि, 13 गंगा घाटों को खतरनाक और अनुपयुक्त घोषित किया गया है। इन घाटों की घेराबंदी कर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु वहां अर्घ्य देने न पहुंचें।

अस्पतालों में भी इमरजेंसी व्यवस्था

सभी प्रमुख घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, जवान और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए PMCH, IGIMS, AIIMS समेत गंगा किनारे स्थित निजी अस्पतालों में बेड सुरक्षित रखे गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा करने की अपील की है।