बिहार के हर प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज: सीएम नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, जुलाई 2026 से शुरू होगी पढ़ाई
बिहार सरकार ने राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया है। पहले चरण में 213 प्रखंडों में कॉलेज स्थापित किए जाएंगे और जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू होगी। साथ ही 55 पुराने शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे लड़कियों और युवाओं को उच्च व रोजगारपरक शिक्षा का लाभ मिलेगा।
बिहार सरकार :बिहार सरकारने उच्च शिक्षा को लेकर एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का ऐलान किया है। इस फैसले से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी राहत मिलने वाली है।मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह निर्णय सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय “उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य” के तहत लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों का रुख न करना पड़े।

पहले चरण में 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज
सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि वर्तमान में बिहार के कुल 534 प्रखंडों में से 213 प्रखंड ऐसे हैं, जहां कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज मौजूद नहीं है। इस कमी को दूर करने के लिए सरकार ने पहले चरण में इन सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन कॉलेजों में जुलाई 2026 तक पढ़ाई शुरू कर दी जाए। इसके लिए भवन, शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षणिक संसाधनों की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
शिक्षण संस्थान बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
सीएम नीतीश कुमार ने यह भी घोषणा की कि राज्य के पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है।इन संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि इन संस्थानों के अनुभवी शिक्षकों और पूर्व छात्र-छात्राओं से सुझाव लेकर आगे की कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई मिल सके।
लड़कियों को मिलेगा सबसे ज्यादा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खुलने से लड़कियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने में सबसे ज्यादा सुविधा होगी। उन्हें अब दूर-दराज के शहरों में पढ़ाई के लिए जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। वहीं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जा रहे संस्थानों से युवाओं को रोजगारपरक और आधुनिक शिक्षा मिलेगी।सरकार का मानना है कि यह फैसला राज्य के चहुंमुखी विकास में अहम भूमिका निभाएगा और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देगा।
pragatisharma3959