CM योगी आदित्यनाथ पर टूटा दुखों का पहाड़, मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

CM योगी आदित्यनाथ पर टूटा दुखों का पहाड़, मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन
Image Slider
Image Slider
Image Slider

उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की पुष्टि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई ने की है। इस खबर के सामने आने के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे पंचूर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थीं सावित्री देवी

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने आवास पर चल बसीं। वह अपने छोटे बेटे के साथ पंचूर गांव में रहती थीं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

बताया जा रहा है कि शनिवार को उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी हरिद्वार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

पहले भी बिगड़ चुकी थी तबीयत

सावित्री देवी को उम्र संबंधी बीमारियां थीं। इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। उन्हें अस्पताल के जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनका हालचाल जानने एम्स पहुंचे थे।

2020 में पिता का भी हुआ था निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। इससे पहले वर्ष 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। अब मां सावित्री देवी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीएम धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। साथ ही बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।