सीमांचल को मिलेगी जाम से मुक्ति! किशनगंज-अररिया में 137.91 करोड़ से बनेंगे 3 नए रोड ओवरब्रिज
बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सड़क और रेल यातायात को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। किशनगंज और अररिया जिले में तीन नए रोड ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से करीब 137.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है..
KISHANGANJ/ARARIA: बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सड़क और रेल यातायात को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। किशनगंज और अररिया जिले में तीन नए रोड ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की ओर से करीब 137.91 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इन पुलों के बनने से रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना को पूरा करने के लिए 18 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है।
जारी टेंडर के अनुसार, तीनों स्थानों पर मौजूदा रेलवे लेवल क्रॉसिंग के बदले दो लेन के रोड ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 1,37,90,73,918.84 रुपये है। निर्माण कार्य में पुल के साथ पहुंच पथ और अन्य जरूरी संरचनाओं का निर्माण भी शामिल है।
किशनगंज में इन दो जगहों पर बनेगा ROB
किशनगंज जिले में पहला रोड ओवरब्रिज रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या SK-247 के स्थान पर बनाया जाएगा। यह अधिकारी और गलगलिया रेलवे स्टेशनों के बीच प्रस्तावित है। इससे बैरागी और गलगलिया के आसपास रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
दूसरा ओवरब्रिज रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या SK-262 के स्थान पर बनेगा। यह ठाकुरगंज और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के आलुआबाड़ी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित है। इसके निर्माण से आसपास के ग्रामीण इलाकों का सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
अररिया में यहां बनेगा तीसरा ओवरब्रिज
तीसरा रोड ओवरब्रिज अररिया जिले में रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या KJ-58 के स्थान पर बनाया जाएगा। यह सिमराहा और फारबिसगंज रेलवे स्टेशनों के बीच प्रस्तावित है। इसके बनने से सिरसिया और फारबिसगंज के बीच आवागमन आसान होगा और रेलवे फाटक पर वाहनों की लंबी कतार से राहत मिलेगी।
एंबुलेंस और दमकल को भी मिलेगी राहत
इस परियोजना में रोड ओवरब्रिज के अलावा पहुंच मार्ग, रीइन्फोर्स्ड अर्थ स्ट्रक्चर, मिट्टी की जांच और अन्य संबंधित निर्माण कार्य भी शामिल हैं। किशनगंज के SK-247 क्रॉसिंग पर लिमिटेड हाइट सबवे और कवर शेड से जुड़े कार्य भी प्रस्तावित हैं।
तीनों पुलों के निर्माण से आम यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों और कारोबारियों को फायदा होगा। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से सड़क यातायात बाधित नहीं होगा। सबसे बड़ी राहत एंबुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं को मिल सकती है, जिन्हें अब रेलवे फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कुल मिलाकर, 137.91 करोड़ रुपये की ये परियोजनाएं सीमांचल में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों की रोजमर्रा की परेशानी कम करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
pranavpr