यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर रार! 26 सीटों के प्रस्ताव पर भड़के इमरान मसूद, बोले- हम भीख नहीं मांग रहे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं ने नया मोड़ ले लिया है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति बनती नजर नहीं आ रही है।
LUCKNOW: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं ने नया मोड़ ले लिया है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि वह किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं।
दरअसल, दिल्ली में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दौर की बातचीत होनी थी। बैठक शुरू होने से पहले सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
राम गोपाल यादव ने बताया 26 सीटों का फॉर्मूला
राम गोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव का गणित समझाते हुए कहा कि सपा ने कांग्रेस को वे दो सीटें देने का प्रस्ताव रखा है, जहां पार्टी ने पिछला चुनाव जीता था। इसके अलावा चार ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।
वहीं, बाकी 20 सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस का वोट लगभग 2 हजार के आसपास था। राम गोपाल यादव ने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस को उसके प्रदर्शन और राजनीतिक स्थिति के आधार पर सीटें दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हारी हुई सीटें देना शायद ही संभव हो।
इमरान मसूद ने जताई नाराजगी
सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, "मैं किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं।" उनके इस बयान से दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद की अटकलें और तेज हो गई हैं।
बीजेपी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजेपी ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोला है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों दल केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए साथ आ रहे हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव पर मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान मुलायम सिंह यादव को मीसा के तहत जेल भेजा था। ऐसे में उसी कांग्रेस के साथ गठबंधन करना उनके पिता के सपनों के खिलाफ है।
फिलहाल, सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत जारी है। अब देखना होगा कि दोनों पार्टियां आपसी मतभेद दूर कर गठबंधन को अंतिम रूप दे पाती हैं या नहीं।
pranavpr