भोजपुर में बंद का बड़ा असर! दुकानें ठप, आरा रेलवे स्टेशन पर RPF-GRP और महिला पुलिस तैनात
NEET पेपर लीक को लेकर छात्र संगठन आइसा और RYA के 'बिहार बंद' का भोजपुर में दिखा व्यापक असर। दुकानें बंद रहीं, आरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की कड़ी सुरक्षा तैनात। पढ़ें पूरी खबर।
आरा (भोजपुर): NEET पेपर लीक मामले के विरोध में छात्र संगठन आइसा (AISA) और आरवाईए (RYA) द्वारा बुलाए गए राज्यव्यापी 'बिहार बंद' का व्यापक असर भोजपुर जिले में सुबह से ही देखने को मिल रहा है। बंद के समर्थन में शहर की अधिकांश दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुबह से ही पूरी तरह बंद नजर आए। सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐतिहासिक आरा रेलवे स्टेशन पर प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं।
सड़कों और स्टेशन पर बदला नजारा: बंद के असर के कारण आरा रेलवे स्टेशन पर रोज की तुलना में शनिवार को यात्रियों की संख्या बेहद कम देखी जा रही है। वहीं सड़कों पर सवारी गाड़ियां और अन्य वाहन भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी कम चल रहे हैं।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। स्टेशन से यात्रा करने वाले आम यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि बंद का असर रेल परिचालन पर न पड़े और यात्री सुरक्षित रहें।