Bihar Weather: बिहार में बढ़ने लगी ठंड, अगले 2 दिनों में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; सुबह कोहरे का अलर्ट
बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से राज्य में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान जताया है।
PATNA: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से राज्य में ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान जताया है। अगले दो दिनों के दौरान बिहार के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं, अगले 72 घंटों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पछुआ हवा से बढ़ेगी ठंड, रात का तापमान गिरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिम दिशा की ओर से आ रही ठंडी हवाएं तापमान में गिरावट की वजह बन रही हैं।
मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर के मुताबिक, देर रात कोहरा छाने के कारण सुबह के समय ठंड महसूस हो रही है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। सुबह कोहरे के कारण दृश्यता 700 से 800 मीटर तक रहने का अनुमान है।
पटना में 2.8 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
सुबह साफ, शाम को बिगड़ी हवा की गुणवत्ता
मौसम में बदलाव के बीच पटना की वायु गुणवत्ता में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सोमवार सुबह एमआईटी-दाउदपुर कोठी का एक्यूआई 138 था, जो शाम को बढ़कर 163 हो गया। वहीं, बुद्धा कॉलोनी में एक्यूआई 159 से बढ़कर 196 पहुंच गया।
कुल मिलाकर, बिहार में आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्क रहने की जरूरत है।
pranavpr