नवादा में खड़े टैंकर में घुसी कार, मासूम की मौत, पांच घायल
नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्वास्तिक होटल के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी।
NAWADA: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्वास्तिक होटल के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। हादसे में तीन साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान अयांश शर्मा (3), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई है। घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी (55), अनिता कुमारी (37), प्रीति शर्मा (17) और अंजली शर्मा (30) शामिल हैं। सभी बंगाल के रहने वाले बताए गए हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पर एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की पुलिस टीम पहुंची। सभी को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली लाया गया।
चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कुमार ने अयांश को मृत घोषित किया। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि तीन का इलाज रजौली में चल रहा है। रजौली थाने के पुलिस पदाधिकारी जेपी पंडित और सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवादा से सुनील कुमार की रिपोर्ट
pranavpr