बेटियों को 'कीमती माल' बताकर विवादों में घिरे AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान, सफाई देने पहुंचे तो फिर बढ़ा विवाद

बिहार में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मुस्लिम महिलाओं के पर्दे और पुरुषों के साथ उनके मेलजोल को लेकर की गई टिप्पणी के बाद अब उनकी सफाई भी चर्चा का विषय बन गई है

बेटियों को 'कीमती माल' बताकर विवादों में घिरे AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान, सफाई देने पहुंचे तो फिर बढ़ा विवाद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मुस्लिम महिलाओं के पर्दे और पुरुषों के साथ उनके मेलजोल को लेकर की गई टिप्पणी के बाद अब उनकी सफाई भी चर्चा का विषय बन गई है। मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए उन्होंने जवान बेटियों की तुलना 'कीमती माल' से कर दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।

दरअसल, अख्तरुल ईमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए मुस्लिम महिलाओं के बिना घूंघट बैठने और पुरुषों द्वारा उन्हें घूरने पर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में विधायक पुरुषों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि क्या उनमें शर्म नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने इस तरह के खुले मेलजोल की तुलना सूअरों के व्यवहार से भी की।

सफाई में मुंशी प्रेमचंद के उपन्यास का किया जिक्र

विवाद बढ़ने के बाद अख्तरुल ईमान ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने मुंशी प्रेमचंद के चर्चित उपन्यास 'निर्मला' का जिक्र करते हुए कहा कि कॉलेज के दिनों में इस किताब को पढ़कर वह भावुक हो गए थे। उन्होंने बताया कि उपन्यास में दहेज उत्पीड़न की पीड़ा ने उन्हें काफी प्रभावित किया था।

विधायक ने कहा कि वह हमेशा से दहेज प्रथा के विरोधी रहे हैं। उन्होंने अपनी और अपने भाइयों की शादी में भी दहेज नहीं लेने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि शादी-विवाह के आयोजनों को सादा और आसान बनाया जाना चाहिए।

धार्मिक मान्यताओं का दिया हवाला

अख्तरुल ईमान ने अपनी सफाई में अलग-अलग धर्मों की मान्यताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह हिंदू धर्म में सिंदूर और मुस्लिम धर्म में टोपी का धार्मिक महत्व है, उसी तरह उनके धर्म में महिलाओं के लिए पर्दा करना जरूरी माना गया है।

हालांकि, सफाई के दौरान बेटियों के लिए 'कीमती माल' जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। उनकी टिप्पणी को लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। अब विधायक का मूल बयान और उसके बाद दी गई सफाई दोनों चर्चा के केंद्र में हैं।