कार्तिक पूर्णिमा पर पटना के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मानर-झाल की थाप पर झूमे श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा स्नान के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया
PATNA: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार सुबह की पहली किरण के साथ ही गंगा स्नान के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। दीघा घाट, जहाज घाट, कालीघाट, एनआईटी घाट, बाबू साहब घाट, राजपूताना घाट, नासरीगंज, फक्कड़ महतो घाट, कचहरी घाट, शाहपुर और दाउदपुर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। इनमें नासरीगंज घाट पर सबसे अधिक लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य किया। हालांकि, गंगा का जलस्तर कम होने और मुख्य धारा दूर चले जाने के कारण कई घाटों पर लोगों को रेत के लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। बाबू साहब घाट पर बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं की कमी के चलते खासकर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मानर-झाल की थाप पर गूंजे पारंपरिक गीत
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति की भी अनूठी झलक देखने को मिली। पीपा पुल घाट समेत आसपास के कई घाटों पर सुबह से ही मानर की थाप और झाल की झंकार गूंजने लगी। देवी-देवताओं और गंगा मैया से जुड़े पारंपरिक गीतों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु झूमते नजर आए।
कहीं पूजा-पाठ तो कहीं ओझा-गुणी की गतिविधियां
घाटों पर पूजा-पाठ, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच ओझा-गुणी से जुड़ी गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनी रहीं। पीली धोती पहने और हाथों में बेंत या डंडा लिए कुछ लोग धार्मिक मान्यताओं के अनुसार झूमते दिखाई दिए। उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
सुरक्षा के रहे इंतजाम
कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों ने खिलौनों और अन्य सामान की खरीदारी की। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई थी। नगर परिषद के प्रभारी ईओ सह प्रशासक सिद्धार्थ हर्षवर्धन और सीओ दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से गंगा स्नान किया।
pranavpr