झारखंड के चांडिल डैम की बदलेगी तस्वीर! पर्यटन से लेकर बिजली उत्पादन तक होगा विकास, CM हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश
रखंड के चांडिल डैम को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार शाम चांडिल डैम का दौरा कर इसके विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
Jharkhand News: झारखंड के चांडिल डैम को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार शाम चांडिल डैम का दौरा कर इसके विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को डैम के समग्र विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर जल प्रबंधन और बिजली उत्पादन की संभावनाओं पर काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को चांडिल डैम के विकास के लिए एक ठोस और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि डैम की प्राकृतिक खूबसूरती और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। इससे न केवल पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जल संसाधनों का प्रभावी और व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डैम से संबंधित लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने पर भी जोर दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।
इसके अलावा चांडिल डैम में बिजली उत्पादन की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके और बिजली उत्पादन की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के बाद चांडिल डैम के विकास को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, जल प्रबंधन में सुधार और बिजली उत्पादन की योजनाएं यदि जमीन पर उतरती हैं तो चांडिल डैम की पहचान को नई ऊंचाई मिल सकती है। इससे सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
pranavpr