रामकृपाल यादव का ऐलान: बेहतर काम करने वाले पैक्सों को मिलेगा 15 लाख रुपये तक का पुरस्कार, 15 दिसंबर तक करें आवेदन

बिहार में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के तहत पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए सहकारिता विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र पैक्स 15 दिसंबर 2026 तक ई-सहकारी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

रामकृपाल यादव का ऐलान: बेहतर काम करने वाले पैक्सों को मिलेगा 15 लाख रुपये तक का पुरस्कार, 15 दिसंबर तक करें आवेदन
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के तहत पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए सहकारिता विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र पैक्स 15 दिसंबर 2026 तक ई-सहकारी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य पैक्स के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रोत्साहित करना है।

सहकारिता विभाग के अनुसार, योजना के तहत राज्य और जिला स्तर पर तीन-तीन श्रेणियों में उत्कृष्ट पैक्सों का चयन किया जाएगा। राज्यस्तरीय पुरस्कार में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली समिति को 15 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली समिति को 10 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समिति को सात लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसी तरह, जिलास्तरीय पुरस्कार में प्रथम स्थान पाने वाले पैक्स को पांच लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले पैक्स को तीन लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले पैक्स को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

30 सितंबर तक अंकेक्षण पूरा कराने वाले पैक्स ही होंगे पात्र

योजना का लाभ लेने के लिए पैक्सों को निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करना होगा। वैसे पैक्स ही आवेदन कर सकेंगे, जिनका अंकेक्षण कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूरा हो चुका है। समितियों का मूल्यांकन 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के अंकेक्षण के आधार पर किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में पैक्स की वित्तीय एवं प्रबंधकीय स्थिति के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों में उसके प्रदर्शन को भी आधार बनाया जाएगा। इसके लिए निर्धारित मानकों के अनुसार अंक दिए जाएंगे। वित्तीय अनुशासन और बेहतर प्रबंधन को चयन में महत्वपूर्ण स्थान मिलेगा।

21 नवंबर से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

सहकारिता विभाग के मुताबिक, मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है। पात्र पैक्सों को ई-सहकारी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

मंत्री ने पात्र पैक्सों से की आवेदन की अपील

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श पैक्स प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य राज्य की सहकारी संस्थाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी, दक्ष और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पैक्सों को पुरस्कृत करने से उनका उत्साह बढ़ेगा। साथ ही, अन्य समितियां भी बेहतर कामकाज, वित्तीय अनुशासन और किसानों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित होंगी। सरकार का प्रयास है कि राज्य के पैक्स आत्मनिर्भर और आदर्श सहकारी संस्थाओं के रूप में विकसित हों।

मंत्री ने राज्य के सभी पात्र पैक्सों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

यहां मिलेगी योजना से जुड़ी जानकारी

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी बिहार सहकारिता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://state.bihar.gov.in/cooperative/ पर उपलब्ध है। इसके अलावा, पैक्स अपने संबंधित प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी या जिला सहकारिता पदाधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

आवेदन और योजना से जुड़ी जानकारी के लिए विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 3454 110 भी जारी किया है।