पटना में दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका ने घर में की आत्महत्या, आरोपी स्कूल संचालक गिरफ्तार
बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मठिया टोला गांव में 23 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षिका का शव सोमवार को उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला
बिहटा (पटना): बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मठिया टोला गांव में 23 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षिका का शव सोमवार को उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतका ने 21 नवंबर को बिहटा के एक निजी स्कूल के संचालक देव कुमार मेहता के खिलाफ शादी का झांसा देकर पिछले तीन वर्षों से यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर को आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जानी थी। साथ ही न्यायालय में उसका बयान भी दर्ज होना था। इसी प्रक्रिया के तहत पुलिस की एक टीम पीड़िता के घर पहुंची थी। हालांकि, वहां पहुंचने पर पुलिसकर्मियों को शिक्षिका का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई।
मामले में दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर 21 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। सोमवार को पीड़िता की मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया होनी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर उसकी आत्महत्या की जानकारी मिली।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट
pranavpr