नवादा में एनएच-20 ओवरब्रिज से महिला ने लगाई छलांग, गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती
शहर में एनएच-20 स्थित ओवरब्रिज से एक महिला के छलांग लगाने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मंगलवार शाम नवादा के हड्डी गोदाम के समीप की है। ओवरब्रिज से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
NAWADA: शहर में एनएच-20 स्थित ओवरब्रिज से एक महिला के छलांग लगाने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मंगलवार शाम नवादा के हड्डी गोदाम के समीप की है। ओवरब्रिज से गिरने के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, महिला ने किन परिस्थितियों में ओवरब्रिज से छलांग लगाई, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। घायल महिला की पहचान भी नहीं हो सकी है। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह सड़क पर ही रहती है, जिससे उसके बेघर होने की आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में नगर थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि महिला के बारे में फिलहाल कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। उसकी पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल महिला सदर अस्पताल में भर्ती है। पुलिस उसके परिजनों और पहचान से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी है। महिला की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
नवादा से सुनील कुमार की रिपोर्ट
pranavpr