दिवाली-छठ पर रेलवे का तोहफा! सहरसा, दरभंगा और गया समेत कई स्टेशनों से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखें शेड्यूल
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है। इन ट्रेनों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेल के सहरसा, दरभंगा, पूर्णिया और गया सहित कई प्रमुख स्टेशनों के लिए लुधियाना और सरहिंद से विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
PATNA: दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है। इन ट्रेनों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेल के सहरसा, दरभंगा, पूर्णिया और गया सहित कई प्रमुख स्टेशनों के लिए लुधियाना और सरहिंद से विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रेलवे के अनुसार, लुधियाना-सहरसा-लुधियाना पर्व विशेष ट्रेन (04656/04655) 6, 9 और 11 नवंबर को लुधियाना से शाम 5:35 बजे रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन 8, 11 और 13 नवंबर को सुबह 3:50 बजे सहरसा से खुलेगी। वहीं, लुधियाना-दरभंगा विशेष ट्रेन (04662/04661) 7, 10 और 11 नवंबर को सुबह 6:30 बजे लुधियाना से रवाना होगी। वापसी में दरभंगा से 8, 11 और 12 नवंबर को दोपहर 1 बजे ट्रेन खुलेगी।
इसके अलावा, लुधियाना-गया पर्व विशेष ट्रेन (04664/04663) 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे लुधियाना से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में 13 नवंबर को सुबह 11 बजे गया से खुलेगी। सरहिंद-सहरसा-अम्बाला कैंट अनारक्षित विशेष ट्रेन (04528/04527) भी 5, 9 और 12 नवंबर को सरहिंद से चलाई जाएगी। वापसी में 6, 10 और 13 नवंबर को सहरसा से इसका परिचालन होगा।
वहीं, लुधियाना-कोलकाता पर्व विशेष ट्रेन (04666) 6 नवंबर को सुबह 6:30 बजे लुधियाना से रवाना होकर झाझा, किउल, बरौनी, समस्तीपुर और हाजीपुर के रास्ते अगले दिन रात 9:45 बजे कोलकाता पहुंचेगी। रेलवे की इस पहल से दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने और भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
pranavpr