किशनगंज DPO रूबी कुमारी पर EOU का शिकंजा, छापेमारी में 3 करोड़ की जमीन के दस्तावेज, कैश, गहने समेत ये सब बरामद
बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में किशनगंज की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को EOU की टीम ने कटिहार और किशनगंज में उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
KISHANGANJ: बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में किशनगंज की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को EOU की टीम ने कटिहार और किशनगंज में उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के 10 दस्तावेज समेत कई अहम संपत्तियों का पता चला है। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मचा हुआ है।
चार ठिकानों पर EOU की छापेमारी
EOU की टीम ने रूबी कुमारी से जुड़े चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें कटिहार के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित उनका पैतृक आवास, इसी इलाके में स्थित निजी अपार्टमेंट, किशनगंज स्थित उनका सरकारी कार्यालय और किशनगंज के लाइन पार मोहल्ले में स्थित किराये का मकान शामिल है। सभी जगहों पर टीम ने संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
तलाशी के दौरान EOU की टीम को 2.80 लाख रुपये नकद मिले। इसके अलावा करीब छह लाख रुपये के आभूषणों की खरीद से संबंधित कागजात भी बरामद किए गए। जांच के दौरान जमीन खरीद से जुड़े 10 महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों के अनुसार, जमीन की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
वहीं, कटिहार शहर के पॉश इलाके में लगभग आठ डिसमिल जमीन पर बना पांच मंजिला नवनिर्मित भवन भी जांच के दायरे में आया है। इस भवन में फिलहाल रेनोवेशन का काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसके निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
आय से अधिक संपत्ति का दर्ज है मामला
जानकारी के मुताबिक, रूबी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक लगभग 2.45 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में EOU ने यह कार्रवाई की है। बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किशनगंज में पोस्टिंग, कटिहार में रहता है परिवार
रूबी कुमारी की पोस्टिंग किशनगंज में है, जबकि उनका स्थायी निवास कटिहार में बताया जाता है। आरोप है कि वह रोजाना कटिहार से किशनगंज करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय कर आती-जाती हैं। इस तरह उनका रोजाना का सफर लगभग 200 किलोमीटर होता है। सरकारी नियमों के अनुसार, जिला स्तरीय अधिकारियों को पदस्थापित जिले के मुख्यालय में रहना होता है। मुख्यालय से 15 किलोमीटर से अधिक दूरी पर रहने के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुमति जरूरी होती है। अब इस मामले में EOU की जांच के साथ-साथ उनकी संपत्ति और अन्य पहलुओं पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।
pranavpr