IPS कुंदन कृष्णन के पास 100 करोड़ की संपत्ति! RJD सांसद सुधाकर सिंह का बड़ा आरोप, पटना से गुरुग्राम तक जमीन-मकान का दावा
बिहार STF के DG और वरिष्ठ IPS अधिकारी कुंदन कृष्णन को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजे जाने के बाद RJD सांसद सुधाकर सिंह ने बड़ा पलटवार किया है। उन्होंने अधिकारी और उनके परिवार के पास 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने का दावा करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
पटना: बिहार STF के DG और वरिष्ठ IPS अधिकारी कुंदन कृष्णन को 5 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजे जाने के बाद RJD सांसद सुधाकर सिंह ने बड़ा पलटवार किया है। उन्होंने अधिकारी और उनके परिवार के पास 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने का दावा करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए हैं। सुधाकर सिंह ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने कहा कि वह कानूनी नोटिस और धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। जनता के प्रतिनिधि होने के नाते सवाल उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने दावा किया कि कुंदन कृष्णन और उनके परिवार की पटना, नालंदा और हरियाणा के गुरुग्राम समेत कई जगहों पर जमीन और फ्लैट हैं।
पटना से गुरुग्राम तक संपत्तियों का दावा
सुधाकर सिंह ने पटना के नाला रोड, बैरिया, सिमली मुरारपुर और पटना सिटी के ट्रांसपोर्ट नगर में संपत्तियों का जिक्र किया। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर में 14 डिसमिल से अधिक जमीन होने का दावा करते हुए इसकी बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपये बताई। सांसद का आरोप है कि इस जमीन का विवरण वार्षिक संपत्ति घोषणा में नहीं दिया गया है। वहीं, नालंदा के बिंद और रूपसपुर के धनौत मौजे की जमीन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
पत्नी के नाम पर भी जमीन होने का आरोप
RJD सांसद ने कुंदन कृष्णन की पत्नी डॉ. मल्लिका सिंह के नाम पर बैरिया और सिमली मुरारपुर में जमीन होने का दावा किया। उन्होंने सिमली मुरारपुर की 94 डिसमिल जमीन भारती इंफ्राटेल लिमिटेड को लीज पर देने से हुई आय और उसके आयकर विवरण की जांच की मांग की। इसके अलावा नकदी, सोना, हीरे और अन्य कीमती संपत्तियों के स्रोत पर भी सवाल उठाए।
गौरतलब है कि यह विवाद भोजपुर के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी की पुलिस कार्रवाई में हुई मौत के बाद शुरू हुआ था।
सुधाकर सिंह ने कहा कि वर्दी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की किसी स्वतंत्र और सक्षम एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। हालांकि, सांसद के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
pranavpr