गयाजी में बृहद रोजगार मेला का सफल आयोजन, डॉ प्रेम कुमार रहे मुख्य अतिथि
A mega employment fair was successfully organised in Gayaji, with Dr Prem Kumar as the chief guest.
बोधगया स्थित हंसराज पब्लिक स्कूल परिसर में बृहद रोजगार मेला का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में लगभग 15,000 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 5,000 से अधिक युवाओं का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ। चयनित अभ्यर्थियों को फाइनेंस, इंश्योरेंस, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, स्वास्थ्य सेवा, आईटी एवं शिक्षा क्षेत्र की नामी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
इस रोजगार मेले का उद्घाटन बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और इस प्रकार के रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही मंच पर 5,000 युवाओं का चयन होना न केवल गयाजी, बल्कि पूरे मगध क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष संतोष पाठक एवं अतरी विधायक रोमित कुमार भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास बेरोजगारी की समस्या के समाधान में प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मनीष कश्यप विगत दो वर्षों से मगध क्षेत्र के विभिन्न शहरों में रोजगार मेलों का सफल आयोजन करते आ रहे हैं। नव वर्ष की शुरुआत में ही उन्होंने इस वृहद रोजगार मेले की योजना बनाकर व्यापक तैयारी की, जिसके परिणामस्वरूप इतने बड़े स्तर पर आयोजन संभव हो सका।
मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने मनीष कश्यप एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों के साथ-साथ रोजगार मेले में भाग लेने वाली कंपनियों के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बड़ी संख्या में बिहार के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। यह रोजगार मेला गयाजी एवं मगध क्षेत्र के युवाओं के लिए आशा, विश्वास और नए अवसरों का द्वार साबित हुआ है। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट