दिल्ली से लौटते ही नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी, बिहार के लिए 5 बड़े प्रस्तावों पर चर्चा, वंदे भारत ट्रेन की भी मांग
दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और नीतीश कुमार के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई।
Patna: दिल्ली दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और नीतीश कुमार के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में हुई बैठकों और बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों की जानकारी नीतीश कुमार को दी है।
गंगा की गाद की समस्या पर बड़ा समझौता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश लेकर उन्होंने नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि गंगा समेत बिहार की अन्य नदियों में गाद (सिल्ट) की समस्या को लेकर नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री रहते जो पहल शुरू की थी, उस दिशा में दिल्ली में महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इसी उपलब्धि की जानकारी उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को दी।
बिहार में 5 जगहों पर बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर?
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भी उनकी मुलाकात हुई। इस दौरान पटना में तैयार डाटा सेंटर के मुद्दे पर चर्चा हुई। इसके अलावा बिहार में गया की तर्ज पर 5 स्थानों पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के सामने रखा गया है। इन परियोजनाओं से राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
सीतामढ़ी से अयोध्या तक वंदे भारत की मांग
दिल्ली दौरे के दौरान सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री से भी मुलाकात की। उन्होंने सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही छठ और दीपावली के दौरान बिहार आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, रेल मंत्री ने स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।
सुशासन और कानून-व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन और संगठित अपराध पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है। उनकी सरकार भी इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
pranavpr