जमुई में NEET प्रदर्शन की आड़ में भारी बवाल! ट्रैफिक बैरिकेड्स तोड़े, 8 उपद्रवी हिरासत में

जमुई में NEET पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद असामाजिक तत्वों ने जमकर बवाल काटा और बैरिकेड्स तोड़े। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। DM ने कहा- 'ये छात्र नहीं हो सकते।' पूरी खबर पढ़ें।

जमुई में NEET प्रदर्शन की आड़ में भारी बवाल! ट्रैफिक बैरिकेड्स तोड़े, 8 उपद्रवी हिरासत में
छात्रों की आड़ में घुसे उपद्रवियों ने किया हंगामा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

जमुई: NEET पेपर लीक मामले की आंच अब जमुई तक पहुंच गई है। शुक्रवार को जमुई में छात्र-छात्राओं ने इस मुद्दे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लेकिन, देर शाम प्रदर्शन खत्म होने के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की। उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस द्वारा लगाए गए ट्रैफिक बैरिकेड्स को भी तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ते देख जमुई जिला प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और बवाल कर रहे करीब 8 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया है।

हंगामे के बाद शहर के महिसौड़ी चौक और उसके आसपास के इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी कर दी गई है कि खुद जिलाधिकारी (DM) नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, SDO सौरव कुमार और SDPO सतीश सुमन मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

"ये हरकत करने वाले छात्र नहीं हो सकते" - DM

जमुई के डीएम नवीन ने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने छात्रों को केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति दी थी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण हुआ भी, लेकिन बाद में कुछ उपद्रवी छात्रों की भीड़ में घुस गए।

डीएम ने कहा: "इस तरह की हरकत करने वाले छात्र नहीं हो सकते। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उपद्रव करने वाले कई लोग स्थानीय नहीं हैं, बल्कि सोनो, खैरा और अन्य बाहरी इलाकों से माहौल बिगाड़ने आए थे। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप है। फिलहाल पुलिस शहर के हर चौक-चौराहे पर पैनी नजर बनाए हुए है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।