पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिरी, बाल-बाल बचे पूर्णिया सांसद, हादसे में 5 लोग घायल

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव रविवार रात एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान उनके काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिरी, बाल-बाल बचे पूर्णिया सांसद, हादसे में 5 लोग घायल
Image Slider
Image Slider
Image Slider

KATIHAR: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव रविवार रात एक बड़े सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान उनके काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क पर निर्माणाधीन पुल के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, सांसद पप्पू यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना की जानकारी खुद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए दी। उन्होंने हादसे के लिए सड़क निर्माण में लापरवाही और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को जिम्मेदार ठहराया है।

पांच लोग घायल, किसी के गर्दन तो किसी के माथे में चोट

पप्पू यादव के मुताबिक, हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन में चोट लगी है तो किसी के माथे और पीठ पर चोट आई है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। सांसद ने बताया कि बारिश के कारण सड़क की मिट्टी गीली थी। इसकी वजह से गाड़ी गड्ढे में गिर गई। उन्होंने कहा कि अगर मिट्टी गीली नहीं होती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

फेसबुक पोस्ट में सांसद ने लिखा, 'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई।' उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और एक बड़ी अनहोनी टल गई।

ठेकेदार और PWD अधिकारियों पर उठाए सवाल

हादसे के बाद पप्पू यादव ने सड़क निर्माण करा रही कंपनी और PWD के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बाढ़ के समय से ही सड़क की हालत खराब है, लेकिन अब तक इसका सही तरीके से निर्माण नहीं कराया गया।

सांसद के अनुसार, निर्माण स्थल पर न तो खतरे का कोई बोर्ड लगाया गया था और न ही चेतावनी के संकेत या सुरक्षा अवरोधक मौजूद थे। उन्होंने ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाया कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही अधिकारियों की नींद क्यों टूटती है?