नवादा में बंद कमरे का खौफनाक रहस्य: पति-पत्नी की लाशें देख पुलिस भी रह गई दंग!
नवादा जिले के परमा गांव में बंद कमरे से पति-पत्नी के शव बरामद। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी। मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, जानें पूरा मामला।
नवादा : नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत परमा गांव में बुधवार की देर रात एक बंद कमरे से पति-पत्नी के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में पति और पत्नी दोनों मृत अवस्था में पाए गए। मृतकों की पहचान सुबोध सिंह और उनकी पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि परमा गांव स्थित घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मामले की सूचना नारदीगंज थाना पुलिस को दी गई। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घर के अंदर तथा आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की और घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र किए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
वहीं घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अभी तक ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है जिससे हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि हो सके। फिलहाल यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।