पटना में गया के कारोबारी की संदिग्ध मौत, शेयर बाजार में 20 लाख तक गंवाने की बात आई सामने

बिहार के गया जिले के रहने वाले एक कारोबारी का शव पटना स्थित उनके किराए के कमरे से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

पटना में गया के कारोबारी की संदिग्ध मौत, शेयर बाजार में 20 लाख तक गंवाने की बात आई सामने
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गया/पटना: बिहार के गया जिले के रहने वाले एक कारोबारी का शव पटना स्थित उनके किराए के कमरे से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संदीप पिछले कुछ महीनों से शेयर बाजार में लगातार हो रहे नुकसान के कारण मानसिक तनाव में थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें शेयर मार्केट में 15 से 20 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी परेशानी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पत्नी की कॉल नहीं उठाने पर हुआ शक

जानकारी के अनुसार, छठ पर्व मनाने के लिए संदीप का परिवार गया स्थित अपने पैतृक घर जनकपुर आया हुआ था। इस दौरान उनकी पत्नी अनुपमा वर्मा उर्फ नेहा लगातार उन्हें फोन कर रही थीं, लेकिन संदीप कॉल रिसीव नहीं कर रहे थे। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने इसकी जानकारी रांची में रहने वाले संदीप के मंझले भाई संकेत कुमार को दी।

इसके बाद संकेत ने पटना में रहने वाले अपने दोस्त मनीष वर्मा से संदीप के कमरे पर जाकर हालचाल लेने को कहा। मनीष जब कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद मकान मालिक और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची बेउर थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर संदीप मृत अवस्था में मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

शेयर बाजार में हुआ था भारी नुकसान

मृतक की पत्नी अनुपमा ने पुलिस को बताया कि संदीप शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग करते थे। उन्होंने गोल्ड और सिल्वर में भी निवेश किया था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से उन्हें लगातार नुकसान हो रहा था। इस वजह से वह काफी परेशान रहने लगे थे। पत्नी ने छठ के मौके पर उन्हें घर आने के लिए भी कहा था, लेकिन वह पटना से नहीं आए।

पोस्टमार्टम के बाद संदीप का अंतिम संस्कार बोधगया के घाट पर किया गया।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

बेउर थानाध्यक्ष मोहम्मद अफसर हुसैन के अनुसार, परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शेयर बाजार में 15 से 20 लाख रुपये तक के नुकसान की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।