पटना के जीएम रोड में दुकान में छापा, 26 दवाओं की बिक्री पर लगी रोक
औषधि नियंत्रण प्रशासन ने शुक्रवार को जीएम रोड के महिला पैलेस स्थित दवा दुकान में छापेमारी की। इस दौरान नकली और नशीली दवाओं के साथ-साथ रखरखाव में गंभीर लापरवाही पकड़ी गई।
PATNA: औषधि नियंत्रण प्रशासन ने शुक्रवार को जीएम रोड के महिला पैलेस स्थित दवा दुकान में छापेमारी की। इस दौरान नकली और नशीली दवाओं के साथ-साथ रखरखाव में गंभीर लापरवाही पकड़ी गई। टीम ने कई संदिग्ध दवाएं जब्त कीं। साथ ही 26 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। जिला औषधि नियंत्रक चुनेंद्र महतो के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर अनिल शाह, शशि कुमार और स्वेता कुमारी की टीम ने दुकान में छापेमारी की। जांच के दौरान कोल्ड चेन में रखे जाने वाले टिटनेस के इंजेक्शन फ्रिज के बजाय बाहर खुले में रखे गए थे। टीम ने दो दर्जन से अधिक वायल जब्त किए हैं। इसके अलावा लिव-52, पेंटोसिड डीएसआर कैप्सूल और डेमेलन क्रीम सहित करीब 26 तरह की दवाओं को संदिग्ध मानते हुए बिक्री से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिला औषधि नियंत्रक ने बताया कि गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में सभी 26 तरह की दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। छापेमारी के दौरान टीम ने जब दुकानदार से लाइसेंस और खरीद-बिक्री का रजिस्टर मांगा, तो कई दस्तावेज अधूरे मिले। प्रतिबंधित की गई कई दवाएं बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बेची जा रही थीं, जो औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम का सीधा उल्लंघन है।
टीम ने दुकान का पूरा रिकॉर्ड जब्त कर लिया है। औषधि नियंत्रण प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि दवा खरीदते समय हमेशा पक्का बिल जरूर लें। साथ ही दवा के पैकेट पर बैच नंबर और एक्सपायरी डेट की जांच करें। किसी भी तरह की अनियमितता या संदिग्ध दवा की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।
pranavpr