बेतिया में 18 करोड़ की ज्वेलरी लूट का खुलने लगा राज! 8 बदमाशों ने मिलकर रची थी साजिश, 6 की पहचान का दावा

बिहार के बेतिया में सेंको ज्वेलर्स शोरूम से करोड़ों रुपये के आभूषण लूटने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। इस सनसनीखेज वारदात की जांच के दौरान अपराधियों की प्लानिंग और फरार होने के तरीके का खुलासा हुआ है..

बेतिया में 18 करोड़ की ज्वेलरी लूट का खुलने लगा राज! 8 बदमाशों ने मिलकर रची थी साजिश, 6 की पहचान का दावा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

बेतिया: बिहार के बेतिया में सेंको ज्वेलर्स शोरूम से करोड़ों रुपये के आभूषण लूटने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। इस सनसनीखेज वारदात की जांच के दौरान अपराधियों की प्लानिंग और फरार होने के तरीके का खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लूटकांड में कुल आठ अपराधी शामिल थे, जिनमें से छह की पहचान कर ली गई है। वहीं, चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

वारदात से एक रात पहले ही बेतिया पहुंच गए थे बदमाश

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी 17 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे ही बेतिया पहुंच गए थे। उन्होंने अपनी कार बेतिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कर दी थी। इसके बाद अगले दिन सुबह से ही शोरूम और आसपास के इलाकों की रेकी शुरू कर दी।

करीब 12:30 बजे आठ अपराधियों ने पूरी तैयारी के साथ शोरूम में धावा बोल दिया और हथियार के बल पर करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।

रेलवे स्टेशन पर कार खड़ी कर बाइक से हुए फरार

जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, लूट के बाद अपराधी आभूषण लेकर बेतिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां पहले से खड़ी अपनी कार में लूटे गए गहनों को रखा। इसके बाद सभी अपराधी बाइक से अलग-अलग रास्तों पर निकल गए, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।

15 से 18 करोड़ रुपये के गहने लूटे जाने का दावा

शोरूम के मालिक बृजेश कुशवाहा के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की गिनती और वजन करने का काम रात करीब दो बजे तक चला। उन्होंने इस वारदात में करीब 15 से 18 करोड़ रुपये के गहने लूटे जाने की बात कही है।

एक-दो दिनों में खुलासे की उम्मीद

चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय ने बुधवार रात बताया था कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। कुछ बदमाशों की पहचान भी की गई है और उसके आधार पर कार्रवाई चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक से दो दिनों के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी में जुटी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस कब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए करोड़ों के गहने बरामद करती है।