सोनम वांगचुक 60 दिनों के लिए नजरबंद, रैली-जुलूस में शामिल होने पर भी रोक, लद्दाख चुनाव से पहले बढ़ा विवाद

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेह प्रशासन ने 60 दिनों के लिए नजरबंद करने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही उन्हें रैलियों और जुलूसों में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई है।

सोनम वांगचुक 60 दिनों के लिए नजरबंद, रैली-जुलूस में शामिल होने पर भी रोक, लद्दाख चुनाव से पहले बढ़ा विवाद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

LADDAKH: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेह प्रशासन ने 60 दिनों के लिए नजरबंद करने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही उन्हें रैलियों और जुलूसों में शामिल होने पर भी रोक लगा दी गई है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। प्रशासन ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

क्यों लिया गया नजरबंदी का फैसला?

दरअसल, लद्दाख में 4 दिसंबर को स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) के चुनाव होने हैं। चुनाव की तारीख को लेकर सोनम वांगचुक और कई स्थानीय संगठनों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि दिसंबर में लद्दाख में कड़ाके की ठंड पड़ती है। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और कामगार दूसरे इलाकों में चले जाते हैं। ऐसे में हजारों मतदाता मतदान से वंचित रह सकते हैं।

वांगचुक ने नजरबंदी की जानकारी देते हुए दावा किया कि उनके घर के चारों ओर दर्जनों हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्होंने कहा, "मैं नजरबंद हूं। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं। सरकार का कहना है कि मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे।"

प्रशासन ने चुनाव के समय का किया बचाव

लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने दिसंबर में चुनाव कराने के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर हीटर की व्यवस्था की जाएगी और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए अलग कतारें बनाई जाएंगी। उनके मुताबिक, समय पर परिषदों का गठन जरूरी है, ताकि जनवरी से मार्च के बीच अगले वित्तीय वर्ष का बजट तैयार किया जा सके।

4 दिसंबर को मतदान, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की अंतिम तारीख 17 नवंबर, जांच 18 नवंबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित है। 4 दिसंबर को मतदान और 8 दिसंबर को मतगणना होगी।

नए जिलों के गठन के बाद लेह और कारगिल में परिषद की सीटों की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं, पंचायतों और नगर निकायों के चुनाव की प्रक्रिया भी जारी है। ऐसे में चुनाव से पहले वांगचुक की नजरबंदी ने लद्दाख की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।