नीतीश सेतु के नामकरण पर तेजस्वी का बड़ा खुलासा, विधानसभा की दो चिट्ठियां दिखाकर सरकार को घेरा
बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) लगातार सवाल उठा रही है।
PATNA: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) लगातार सवाल उठा रही है। अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस विवाद में दो अहम चिट्ठियां सार्वजनिक कर सरकार पर निशाना साधा है। ये दोनों चिट्ठियां बिहार विधानसभा में दिए गए गैर सरकारी संकल्प और पथ निर्माण विभाग के जवाब से जुड़ी हैं।
तेजस्वी ने जारी कीं विधानसभा की दो चिट्ठियां
तेजस्वी यादव ने चिट्ठियां जारी करते हुए दावा किया कि उन्होंने विधानसभा में इस पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने की मांग उठाई थी। उनके मुताबिक, उस समय सरकार की ओर से भी जवाब दिया गया था कि पुल का नाम दसवें सिख गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव है।
तेजस्वी ने कहा कि अब उसी पुल का नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर रख दिया गया है। उन्होंने नीतीश कुमार की राजनीति को लेकर भी बीजेपी पर तंज कसा।
PM मोदी के उद्घाटन पर भी उठाए सवाल
आरजेडी नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को होने वाले पुल के उद्घाटन कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी का दावा है कि पुल पर करीब एक साल पांच महीने पहले ही उद्घाटन हो चुका है और वाहनों का परिचालन भी शुरू हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री दूसरे के निर्माण कार्यों का फीता काटने आ रहे हैं। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी कटाक्ष किया।
पथ निर्माण विभाग के जवाब में क्या है?
तेजस्वी की ओर से जारी दस्तावेजों में पथ निर्माण विभाग का जवाब भी शामिल है। इसमें कहा गया है कि पुल का नाम दसवें सिख गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने के लिए विभाग को पहले से प्रतिवेदन प्राप्त हुआ है। इस प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह जवाब विभाग के अवर सचिव की ओर से बिहार विधानसभा को भेजा गया था।
फिलहाल नीतीश सेतु के नामकरण और उद्घाटन को लेकर बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले तेजस्वी के इन दस्तावेजों ने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।
pranavpr