गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, नहाय-खाय पर घरों में बनेगा कद्दू-भात का प्रसाद

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ बिहार में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ पर्व के पहले दिन शुक्रवार को राजधानी पटना के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, नहाय-खाय पर घरों में बनेगा कद्दू-भात का प्रसाद
Image Slider
Image Slider
Image Slider

DANAPUR/PATNA: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ बिहार में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ पर्व के पहले दिन शुक्रवार को राजधानी पटना के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत की। इस दौरान गंगा घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

छठ व्रती सुधा शर्मा ने बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से लगातार छठ महापर्व करती आ रही हैं। आज नहाय-खाय के दिन गंगा स्नान करने के बाद घर जाकर कद्दू की सब्जी, अरवा चावल और चना दाल का प्रसाद तैयार करेंगी। इस प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही परिवार और आसपास के लोगों को भी खिलाएंगी। उन्होंने बताया कि अगले दिन खरना का व्रत किया जाता है, जिसमें पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है तथा लोगों के बीच वितरित किया जाता है।

वहीं, छठ व्रती ने बताया कि छठ बिहार का सबसे लोकप्रिय और पवित्र लोकपर्व है। इसमें शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना, फिर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन होता है।

उन्होंने कहा कि छठ की विशेष परंपरा है कि इसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। यही इस पर्व की अनूठी पहचान है। बिहार की इस लोक परंपरा के प्रति लोगों की आस्था इतनी गहरी है कि देश-विदेश में रहने वाले प्रवासी बिहारी भी छठ मनाने के लिए अपने घर लौटते हैं।

नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व को लेकर राजधानी पटना में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

दानापुर से रजत कुमार की रिपोर्ट