पटना में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास में चोरी का खुलासा, एक शातिर गिरफ्तार
राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को ही निशाना बना लिया।
PATNA: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरों ने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास को ही निशाना बना लिया। छठ पर्व के दौरान मंत्री के बंद पड़े आवास में चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। अब शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने इस चोरीकांड का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, पूरा मामला पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एजी कॉलोनी का है। जहां उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर के निजी आवास में छठ महापर्व के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। छठ पर्व मनाने के लिए परिवार के साथ पैतृक आवास जाने के दौरान घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और घर में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
15 नवंबर 2026 की सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा हुआ देखा और इसकी सूचना दी। इसके बाद शास्त्रीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने कांड संख्या 1004/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मध्य के निर्देश पर सचिवालय-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीत कुमार उर्फ विनीत कुमार उर्फ बंटा, उम्र करीब 34 वर्ष, निवासी दीघा फेयर फील्ड कॉलोनी, पटना के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 41 ग्राम सोना जैसा धातु, 506 ग्राम चांदी जैसा धातु के आभूषण, एक केनफ कोल कंपनी की घड़ी, 43 हजार 550 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ दीघा थाना और रूपसपुर थाना में पहले से मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस चोरीकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अब देखना होगा कि मंत्री के निजी आवास में हुई इस चोरी की वारदात में शामिल बाकी अपराधी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं।
पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट
pranavpr