केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की रंगदारी मांगी; लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है।

केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की रंगदारी मांगी; लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया सामने
Image Slider
Image Slider
Image Slider

NEW DELHI: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज मिले थे। आरोपी ने विधायक से कहा कि यह संदेश अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा दिया जाए। इसके बाद विधायक ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई।

व्हाट्सऐप पर भी भेजा धमकी भरा मैसेज

विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। व्हाट्सऐप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम 'एच' दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने सात करोड़ रुपये देने की मांग की और ऐसा नहीं करने पर अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए।

रोहतक का बताया जा रहा आरोपी

मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। शुरुआती जानकारी में आरोपी के हरियाणा के रोहतक का रहने वाला होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

विधायक जरनैल सिंह ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। गौरतलब है कि मई 2024 में भी केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और धमकी के पीछे की वास्तविक मंशा का पता लगाने में जुटी है।