निशांत कुमार के साथ धक्का-मुक्की विवाद के बीच CM सम्राट चौधरी की मुलाकात, SSG ने जांच में बताई मानवीय भूल
बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों के कथित दुर्व्यवहार का मामला लगातार चर्चा में है। नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
PATNA: बिहार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों के कथित दुर्व्यवहार का मामला लगातार चर्चा में है। नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। जेडीयू की नाराजगी और आरजेडी के हमले के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक निशांत कुमार से मिलने उनके आवास पहुंच गए। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
निशांत कुमार से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री
दरअसल, बिदुपुर में नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ सुरक्षा कर्मियों द्वारा धक्का देने का वीडियो सामने आया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
जेडीयू ने इस घटना पर नाराजगी जताई थी, जबकि आरजेडी ने इसे निशांत कुमार का अपमान बताते हुए सरकार पर निशाना साधा था। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का निशांत कुमार के आवास पहुंचना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
SSG ने जांच के बाद जारी किया बयान
विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (SSG) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की। इसमें बताया गया कि घटना की जांच कराई गई है। जांच में इसे मानवीय भूल का परिणाम पाया गया है।
SSG के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती थी। इस कारण मंत्री और सुरक्षा कर्मियों के बीच पहले से परिचय भी था।
21 नवंबर को PM करेंगे नीतीश सेतु का उद्घाटन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिदुपुर में बने नीतीश सेतु का उद्घाटन करने वाले हैं। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पिछले दिनों उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान निशांत कुमार के साथ धक्का-मुक्की की घटना हुई थी। अब SSG की जांच रिपोर्ट और मुख्यमंत्री की निशांत से मुलाकात के बाद इस पूरे मामले पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
pranavpr