पटना के मिर्जापुर घाट पर बड़ा हादसा: गंगा में डूबे 4 युवक, एक को बचाया गया; 3 अब भी लापता

बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट पर गंगा नदी में चार युवक गहरे पानी में डूब गए।

पटना के मिर्जापुर घाट पर बड़ा हादसा: गंगा में डूबे 4 युवक, एक को बचाया गया; 3 अब भी लापता
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पटना: बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट पर गंगा नदी में चार युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन युवक अब भी लापता हैं। उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, छठ महापर्व के दौरान चारों युवक मिर्जापुर घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान वे गंगा नदी में गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद एक युवक को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, बाकी तीन युवकों का कोई पता नहीं चल पाया है।

लापता युवकों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लापता तीनों युवकों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को गंगा नदी में उतारा गया है। बचाव दल लगातार नदी में खोजबीन कर रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता लापता युवकों को जल्द से जल्द ढूंढना है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद लापता युवकों के परिजन घाट पर पहुंच गए। अपनों की तलाश में परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर फैलते ही मिर्जापुर घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ के दौरान गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें। बैरिकेडिंग के बाहर न जाएं और गहरे पानी में उतरने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।