नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी, PM मोदी के स्वागत की भी तैयारी

बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु के लोकार्पण से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे।

नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी, PM मोदी के स्वागत की भी तैयारी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

PATNA: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु के लोकार्पण से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। मुलाकात का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले पुल के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करना था।

नीतीश कुमार ने खुद दरवाजे पर किया स्वागत

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार के आवास पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री खुद दरवाजे पर उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही 21 नवंबर को प्रधानमंत्री द्वारा जनता को समर्पित किए जाने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई।

कल PM मोदी से मिलेंगे नीतीश कुमार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार को पूरी जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करने पहुंचेंगे।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आसान होगा सफर

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल बिहार के सड़क संपर्क के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। गंगा नदी पर बने इस छह लेन पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर वैशाली और आसपास के जिलों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। अब सभी की नजरें 21 नवंबर को होने वाले लोकार्पण समारोह पर टिकी हैं।