पटना में पुलिस का बड़ा एक्शन: एक दिन में 92 गिरफ्तार, हत्या और दुष्कर्म के आरोपित भी शामिल, भारी मात्रा में शराब और हथियार बरामद
अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पटना पुलिस ने 21 नवंबर को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 92 आरोपितों और अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।
PATNA: जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ को लेकर पटना पुलिस ने 21 नवंबर को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 92 आरोपितों और अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में हत्या, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल आरोपित भी पकड़े गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में हत्या के चार, दुष्कर्म के एक और हत्या के प्रयास के 10 आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा अन्य विशेष प्रतिवेदित मामलों में आठ तथा सामान्य मामलों में 40 लोगों की गिरफ्तारी हुई। वहीं, अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए छह तस्करों और होम डिलीवरी करने वालों को गिरफ्तार किया गया। शराब पीने के आरोप में भी 23 लोगों को पकड़ा गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 513.1 लीटर देसी शराब और 201 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही 520 ग्राम गांजा, एक आग्नेयास्त्र और चार जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। कार्रवाई में छह वाहन और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पुलिस को इस अभियान में लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े सामान भी मिले। बरामदगी में चार सोने की चेन, एक बैग और 58,700 रुपये नकद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने अभियान के दौरान 40 जमानतीय वारंट, 69 गैरजमानतीय वारंट और चार कुर्की आदेशों का निष्पादन किया। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई को जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट
pranavpr