नीतीश सेतु पर PM-CM के पोस्टर फाड़ने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 11 नामजद समेत 150 अज्ञात पर FIR

बिहार के वैशाली जिले में नवनिर्मित नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

नीतीश सेतु पर PM-CM के पोस्टर फाड़ने के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, 11 नामजद समेत 150 अज्ञात पर FIR
Image Slider
Image Slider
Image Slider

HAJIPUR: बिहार के वैशाली जिले में नवनिर्मित नीतीश सेतु पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद यह विवाद सामने आया था। मामले में राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के बयान पर रुस्तमपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश

रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद बाकी आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजद के झंडे लेकर पहुंचे थे लोग, की थी नारेबाजी

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद दर्जनों लोग राजद का झंडा लेकर नीतीश सेतु पर पहुंच गए थे। इस दौरान भीड़ ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

इसी दौरान कुछ युवकों ने सेतु पर लगे पीएम मोदी, सीएम सम्राट चौधरी और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम खत्म होते ही भीड़ सेतु पर पहुंच गई और हंगामा किया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।