वैशाली में PM मोदी की बड़ी सौगात, नीतीश सेतु का किया उद्घाटन; 34 हजार करोड़ की योजनाओं से बदलेगी बिहार की तस्वीर!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वैशाली के राघोपुर में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया।
वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वैशाली के राघोपुर में कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री राजापाकर स्थित जाफरपट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित जनसभा में पहुंचे। यहां से उन्होंने बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
सभा स्थल पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने गमछा लहराकर बिहार की जनता का अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत किया। नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने इसे बिहार के लिए बड़ी संपत्ति बताया।
43 लाख परिवारों को मिला पक्के मकान का उपहार
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के 43 लाख परिवारों को पक्के मकान का उपहार दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है कि आज बिहार देश में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने 12 वर्षों के कार्यकाल में देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। आज ये लोग सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रहे हैं। इसमें बिहार का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
पहले घोटालों की चर्चा होती थी, अब निवेश की बात
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए सरकार से पहले बिहार में घोटालों और आपराधिक घटनाओं के आंकड़ों की चर्चा होती थी। लेकिन अब निवेश और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात होती है।
उन्होंने बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय बिहार के गांवों में बिजली पहुंचना बड़ी चुनौती थी। आज बिहार बिजली उत्पादन का केंद्र बनता जा रहा है। एनडीए सरकार ने गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने का काम किया है।
रामविलास पासवान के सपने को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली की सभा में दिवंगत रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु के रूप में रामविलास पासवान का सपना साकार हुआ है। उनकी आत्मा हम सभी पर फूल बरसा रही होगी।
पीएम मोदी ने बिहार के युवाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां के नौजवान विकास की सही समझ रखते हैं और यही वजह है कि इस कार्यक्रम में उनकी भागीदारी काफी अच्छी दिखाई दे रही है।
pranavpr