पटना में पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, धोखाधड़ी व हत्या के प्रयास का आरोपी मंजय राय गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस और एसटीएफ (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
PATNA: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटना पुलिस और एसटीएफ (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने धोखाधड़ी और हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित आरोपी मंजय राय उर्फ मंजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को दबोचा
मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस को मंजय राय की तलाश लंबे समय से थी। इसी बीच आरोपी के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजय राय उर्फ मंजय कुमार, पिता मुन्नी राय के रूप में हुई है। वह पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के नयागांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
फरवरी में दर्ज मामले में चल रहा था फरार
पुलिस के अनुसार, मंजय राय पीरबहोर थाने में 7 फरवरी 2026 को दर्ज कांड संख्या 113/26 में वांछित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज है।
इस मामले में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी के भी आरोप
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार मंजय राय के खिलाफ पीरबहोर थाने में कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले फरवरी महीने में भी पुलिस उत्पाद अधिनियम से जुड़े एक मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, लेकिन इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी को पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पटना से अजय शर्मा की रिपोर्ट
pranavpr