योगी आदित्यनाथ बोले- आस्था भारत की सबसे बड़ी ताकत, राम मंदिर निर्माण से करोड़ों श्रद्धालुओं का सपना हुआ साकार
Pilibhit/Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र स्थित नूरानपुर आश्रम में आयोजित श्रीराम कथा के विश्राम कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आस्था भारत की सबसे बड़ी ताकत है। देश की पहचान उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक विविधताओं के बावजूद एक मजबूत धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी, अयोध्या, देवीपाटन समेत देशभर से आए साधु-संतों की मौजूदगी ने इस धरती को महाकुंभ जैसा स्वरूप दे दिया है। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा और रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों वर्षों से भारतीय संस्कृति और आस्था लोगों को जोड़ने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले रामभक्तों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता था और रामलला टेंट में विराजमान थे। आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले श्रद्धालुओं पर लाठियां और गोलियां चलती थीं, जबकि अब उन पर पुष्प वर्षा होती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले हालात अलग थे, लेकिन अब प्रदेश में अमन-चैन और खुशहाली है। सरकार गरीबों को मुफ्त राशन, आवास और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में काशी, मथुरा, वृंदावन, गोला और बरेली सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया।
pranavpr