सीएम योगी ने अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा को बताया ऐतिहासिक सौगात, कहा- अवध और मिथिला के रिश्तों में जुड़ा स्वर्णिम अध्याय
अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस पहल को भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अयोध्या/जनकपुर: अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। इस पहल को भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस नई रेल सेवा के शुभारंभ पर रामभक्तों को बधाई देते हुए इसे अवध और मिथिला के रिश्तों का नया स्वर्णिम अध्याय बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि जनकपुर माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों धार्मिक नगरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से सदियों पुराने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में शुरू होने वाली यह पहल 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' की नीति का उदाहरण है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा में सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
रेल सेवा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह वर्चुअल माध्यम से करेंगे। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे और ट्रेन को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों और रेलवे अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हाल्ट, मधुबनी और जयनगर में ठहराव होगा। ट्रेन अगले दिन सुबह 10 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04296 24 नवंबर को दोपहर एक बजे जनकपुरधाम से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।
नियमित संचालन के लिए ट्रेन संख्या 15595/15596 निर्धारित की गई है। यह साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा पहले के मुकाबले आसान होगी और दोनों देशों के धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
pranavpr