गया के शेरघाटी में लड्डू व्यवसायी के घर 7 लाख की बड़ी चोरी, विरोध करने पर महिला पर चला दी गोली

गया के शेरघाटी में हथियारबंद चोरों ने लड्डू व्यवसायी के घर से 7 लाख रुपये उड़ाए। विरोध करने पर महिला किरायेदार पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान। इलाके में दहशत।

गया के शेरघाटी में लड्डू व्यवसायी के घर 7 लाख की बड़ी चोरी, विरोध करने पर महिला पर चला दी गोली
खिड़की काटकर घर में घुसे हथियारबंद चोर
Image Slider
Image Slider
Image Slider

गया (शेरघाटी) | बिहार के गया जिले के शेरघाटी शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ अपराधियों ने पुलिसिया गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शेरघाटी के नई बाजार स्थित पावर ग्रिड के पास शनिवार तड़के हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर को निशाना बनाया। चोरों ने न सिर्फ करीब 7 लाख रुपये कैश और कीमती सामानों पर हाथ साफ किया, बल्कि विरोध करने पर एक महिला किरायेदार पर जानलेवा फायरिंग भी कर दी। गनीमत रही कि महिला इस हमले में बाल-बाल बच गईं।

खिड़की काटकर घर में घुसे हथियारबंद चोर:

पीड़ित लड्डू व्यवसायी किशोर कुमार ने बताया कि घटना शनिवार तड़के करीब सवा तीन बजे की है, जब इलाके में तेज बारिश हो रही थी। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और घर की खिड़की काटकर अंदर दाखिल हो गए। अपराधी घर से 7 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर होने की फिराक में थे।

चोरी के दौरान जब घर की किरायेदार कविता देवी बाहर सूख रहे कपड़े लेने के लिए निकलीं, तो उन्हें खिड़की के पास दो संदिग्ध लोग दिखाई दिए। कविता देवी ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और चोरों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बौखलाए बदमाशों ने उन पर सीधे गोली चला दी।

गोली कविता देवी के बाजू को छूते हुए निकल गई। शोर सुनकर जब तक आसपास के पड़ोसी बाहर जुटे, तब तक चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे।

इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नई बाजार, नूतन नगर और आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चोरियां हो रही हैं। चोर कभी खिड़की काटकर तो कभी दरवाजा तोड़कर घरों को निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अब तक किसी बड़े गिरोह का पर्दाफाश नहीं कर पाई है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।

घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस तड़के करीब 3:45 बजे मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। घायल महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले को लेकर शेरघाटी थाना के पदाधिकारी संतोष राम ने कहा, "पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"